--------------------------------
8 दिसंबर को होगी ‘केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा-2019’
- 7 साल तक वैध होगा इस परीक्षा का स्कोर,
- स्कोर सुधारने के लिए जितनी बार चाहें, दे सकते हैं सीटीईटी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 8 दिसंबर को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट-दिसंबर 2019) आयोजित करने की घोषणा की है। इससे पहले 7 जुलाई को भी यह परीक्षा हो चुकी है। जिसमें 14 लाख युवा शामिल हुए थे। अगर आप उसमें बेहतर स्कोर नहीं ला पाए या सफल नहीं हो सके तो आप दिसंबर वाली परीक्षा भी दे सकते हैं। आवेदन नहीं कर सके या स्कोर कम आने की उम्मीद है है तो अगले साल जुलाई में फिर दे सकेंगे। दोगुनी तैयारी के साथ जुट जाइए
इस परीक्षा के दो हिस्से हैं – एक कक्षा 1 से 5 तक के लिए शिक्षक बनने वालों के लिए हैं तो दूसरा कक्षा 6 से 8 तक के लिए शिक्षक बनने वालों के लिए। दोनों के लिए अलग-अलग पेपर तथा अलग योग्यताएं हैं। इस परीक्षा में सफलता से नौकरी नहीं मिलती, लेकिन इसमें सफल होने पर सरकारी स्कूलों में नौकरी पाने के पात्र हो जाते हैं। जब भी रिक्ति निकले, आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा 1 से 5 तक का (प्रायमरी) शिक्षक बनने के लिए :
कौन करे आवेदन : निम्न में से कोई एक
1. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित सीनियर सैकंडरी या समकक्ष तथा प्रारंभिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
2. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित सीनियर सैकंडरी या समकक्ष तथा 4 वर्षीय बैचलर ऑफ एलिमेंटरी एजुकेशन (बीएलएड), (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
3. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित सीनियर सैकंडरी या समकक्ष तथा 2 वर्षीय डिप्लोमा इन एजुकेशन (स्पेशल एजुकेशन) (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
4. न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन तथा बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड)
कैसी होगी परीक्षा : प्रायमरी शिक्षक की पात्रता के लिए परीक्षा देने वालों को पेपर-1 में सफल होना होगा। ढाई घंटे की अवधि वाली इस परीक्षा में 150 अंकों के कुल 150 वस्तुनिष्ठ बहुविकल्प प्रकार के प्रश्न होंगे। निगेटिव मार्किंग नहीं है। पांच विषयों से जुड़े 30-30 प्रश्न रहेंगे।
ये होंगे विषय : बाल विकास एवं अध्यापन कला, भाषा-1, भाषा-2, गणित, पर्यावरण अध्ययन
परीक्षा का स्तर : 6 से 11 साल आयुवर्ग के बच्चों को पढ़ाने के मनोविज्ञान पर आधारित होगी। भाषा-1 में पढ़ाने के माध्यम के रूप में भाषा के उपयोग से संबंधित प्रश्न रहेंगे तो भाषा-2 में भाषा के तत्व, कम्युनिकेशन तथा कॉम्प्रिहेंशन योग्यता संबंधी प्रश्न रहेंगे। भाषा-1 व भाषा-2 के रूप में दो अलग-अलग भाषाओं का चयन करना है। गणित और पर्यावरण अध्ययन में सिद्धांत, समस्या निराकरण तथा अध्यापन कला की समझ से संबंधित प्रश्न रहेंगे। सिलेबस एनसीईआरटी के कक्षा 1 से 5 तक के विषयों के टॉपिक्स पर आधारित होगा।
-------------
कक्षा 6 से 8 तक का (एलिमेंटरी) शिक्षक बनने के लिए :
कौन करे आवेदन : निम्न में से कोई एक
1. ग्रेजुएशन तथा एलिमेंटरी एजुकेशन में 2 वर्षीय डिप्लोमा (अंतिम वर्ष के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
2. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित ग्रेजुएशन तथा एक वर्षीय बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड), परीक्षा दे रहे स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं। या
3. न्यूनतम 45 प्रतिशत सहित ग्रेजुएशन तथा एनसीटीई नियमों के तहत एक वर्षीय बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड), परीक्षा दे रहे स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं। या
4. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित सीनियर सैकंडरी या समकक्ष तथा 4 वर्षीय बैचलर ऑफ एलिमेंटरी एजुकेशन (बीएलएड), (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
5. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित सीनियर सैकंडरी या समकक्ष तथा 4 वर्षीय बीए/ बीएससी एड या बीएएड/ बीएससी एड (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं) या
6. न्यूनतम 50 प्रतिशत सहित ग्रेजुएट तथा 1 वर्षीय बीएड (स्पेशल एजुकेशन), (फाइनल ईयर के स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं)
कैसी होगी परीक्षा : एलिमेंटरी शिक्षक की पात्रता के लिए परीक्षा देने वालों को पेपर-2 में सफल होना होगा। ढाई घंटे की अवधि वाली इस परीक्षा में 150 अंकों के कुल 150 वस्तुनिष्ठ बहुविकल्प प्रकार के प्रश्न होंगे। निगेटिव मार्किंग नहीं है।
ये होंगे विषय : बाल विकास एवं अध्यापन कला, भाषा-1, भाषा-2, गणित एवं विज्ञान (गणित व साइंस टीचर के लिए), सोशल साइंसेस (सोशल स्टडीज़ / सोशल साइंस टीचर के लिए)
परीक्षा का स्तर :
परीक्षा 11 से 14 साल आयुवर्ग के बच्चों को पढ़ाने व सिखाने के मनोविज्ञान पर आधारित होगी। भाषा-1 में पढ़ाने के माध्यम के रूप में भाषा के उपयोग से संबंधित प्रश्न रहेंगे तो भाषा-2 में भाषा के तत्व, कम्युनिकेशन तथा कॉम्प्रिहेंशन योग्यता संबंधी प्रश्न रहेंगे। भाषा-1 व भाषा-2 के रूप में दो अलग-अलग भाषाओं का चयन करना है। गणित या साइंस का टीचर बनना है तो गणित और साइंस विषयों के पेपर देने होंगे जिनमें 30-30 प्रश्न होंगे। सोशल स्टडीज़ या सोशल साइंस का टीचर बनना है तो सोशल स्टडीज़ व सोशल साइंस के पेपर देने होंगे, जिनमें 30-30 प्रश्न होंगे। सिलेबस एनसीईआरटी के कक्षा 6 से 8 तक के विषयों के टॉपिक्स पर आधारित होगा।
राकेश माथुर
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें